गुलदार का खौफ
उत्तराखंड: चौबट्टाखाल क्षेत्र के तिमली ग्राम सभा के भतकोट गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गुलदार ने चार साल की मासूम बच्ची को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि रात करीब नौ बजे बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर उसे उठा लिया और खेतों की ओर ले गया। घटना के बाद परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुटे और बच्ची की तलाश शुरू की गई।
काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में बरामद हुआ, जिसकी हालत बेहद खराब थी। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
लगातार बढ़ती वन्यजीव घटनाओं से ग्रामीणों में डर और गुस्सा दोनों देखने को मिल रहा है। लोगों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
