बागेश्वर में उत्तरायणी मेले के शुभारंभ के दौरान कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने मंच से गीता प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति में कुमाउनी गीत “झन दिया बौज्यू छाना बिलौरी लागला बिलौरी का घामा…” ने विशेष रूप से सबका ध्यान खींचा।

कमिश्नर रावत ने तहसील परिसर से झांकी को हरी झंडी दिखाकर मेले की शुरुआत की। झांकी के साथ पैदल चलते हुए वे नुमाइशखेत मैदान तक पहुंचे, जहां मेले का औपचारिक उद्घाटन हुआ। सांस्कृतिक मंच के उद्घाटन के दौरान, लोगों ने उनसे गीत गाने का अनुरोध किया। उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए, रावत ने अपने खास अंदाज में गीत प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर मेलार्थी झूम उठे।
यह दूसरा अवसर था, जब दीपक रावत ने उत्तरायणी मेले का शुभारंभ किया। इससे पहले, 2012 में बतौर डीएम उन्होंने इसी मेले का उद्घाटन किया था। उस समय भी आचार संहिता लागू होने के कारण मेला प्रशासनिक था। इस बार भी विधानसभा चुनाव के चलते मेला प्रशासनिक रूप से आयोजित किया गया है।
उत्तरायणी कौतिक की शुरुआत सांस्कृतिक धरोहर और लोक गीतों के माध्यम से लोगों को जोड़ने की एक पहल बन गई है।
