नैनीताल: शहर के अंडा मार्केट क्षेत्र में तेज हवा के झोंके के साथ अंगू का एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरते ही सड़क किनारे खड़े तीन वाहन इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई वाहन चालक या राहगीर वहां मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पेड़ गिरने से क्षेत्र में बिजली की लाइन भी टूट गई, जिसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। साथ ही सड़क पर पेड़ गिरने से लगभग एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
घटना करीब सुबह 10 बजे की है, जब ग्रामीण मार्ग पर वाहन चालक यात्रियों को बिठा रहे थे। इसी दौरान तेज हवा के बीच अचानक पेड़ भारी आवाज के साथ धराशायी हो गया। पेड़ गिरते ही पंगोट निवासी लीलाधर, महेश चंद और सुनील सिंह के तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना मिलते ही वन निगम और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद पेड़ को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। बिजली विभाग की टीम भी बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई है।
