कालाढूंगी: एसएसपी मीणा के कड़े निर्देश पर कालाढूंगी पुलिस ने सड़क पर हुड़दंग मचा रहे युवकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस से अभद्रता करने और हूटर बजाकर तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने वाले 10 युवकों को पकड़कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। मौके से तीन लग्जरी वाहन स्कार्पियो, थार और एक अन्य सीज कर थाने में खड़े कर दिए गए।
सूचना मिली थी कि वाहन संख्या UP32PY9611 (स्कार्पियो), UP32PU5011 (थार) और UP32NX0777 में सवार युवक मंगोली क्षेत्र में पुलिस से अभद्रता कर रहे हैं। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। दो गाड़ियों को रोक लिया गया, जबकि थार वाहन तेज गति से भाग निकला। बैलपड़ाव पुलिस ने पीछा कर उसे भी पकड़ लिया।
जांच में पता चला कि वाहनों में हूटर लगाकर रफ्तार दिखाने की कोशिश की जा रही थी। रोकने पर वाहन सवारों ने पुलिस से बदसलूकी की और भागने का प्रयास किया, लेकिन बैरिकेडिंग कर तीनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहनों को सीज कर थाने में खड़ा किया गया और पुलिस अधिनियम के अंतर्गत जुर्माना वसूल कर माफीनामा लिया गया।
