रिपोर्टर : गुंजन
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल इस बार एक ऐतिहासिक पल की साक्षी बनने जा रही है। अपर जिलाधिकारी नैनीताल शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 3 और 4 नवंबर 2025 को दो दिवसीय जनपद प्रवास पर आ रही हैं। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति 3 नवंबर को अपराह्न 3 बजकर 5 मिनट पर देहरादून के जीटीसी हेलीपैड से प्रस्थान करेंगी और 4 बजकर 10 मिनट पर हल्द्वानी के आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगी। वहां से 4 बजकर 20 मिनट पर वे सड़क मार्ग से राजभवन नैनीताल के लिए रवाना होंगी।
राजभवन पहुंचने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष समारोह में शामिल होंगी। शाम को राष्ट्रपति का रात्रि विश्राम राजभवन में ही निर्धारित है। अगले दिन 4 नवंबर की सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर वे राजभवन के मुख्य द्वार का शिलान्यास करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति नीम करोली बाबा आश्रम कैंची धाम के दर्शन के लिए रवाना होंगी, जहां वे सुबह 10 बजकर 5 मिनट से 10 बजकर 35 मिनट तक रहेंगी और फिर नैनीताल लौट आएंगी।
इसके बाद राष्ट्रपति 11 बजकर 15 मिनट पर कुमाऊं विश्वविद्यालय पहुंचेंगी, जहां वे विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी और विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर वे राजभवन लौटेंगी। राष्ट्रपति का प्रस्थान कार्यक्रम दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर निर्धारित है, जब वे हल्द्वानी के आर्मी हेलीपैड के लिए रवाना होंगी। वहां से अपराह्न 4 बजे वे बरेली हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरेंगी।
