हल्द्वानी: देर रात रामपुर रोड स्थित बेल बाबा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार परिवार अपने रिश्तेदार से मिलने रुद्रपुर गया था। घर लौटते समय उनकी ऑल्टो कार की आमने-सामने भिड़ंत तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑल्टो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में हाफिज शाजिद, शाहजहां और अफसरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जाहिद और मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना रात करीब 2 बजे परिजनों को मिली, जिसके बाद घायलों और मृतकों को सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया। सभी मृतक और घायल हल्द्वानी के बनभूलपुरा लाइन नंबर 17 और 18 के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
