पिथौरागढ़: सीमांत जिले में रविवार को दो अलग-अलग दुखद घटनाओं से इलाके में शोक का माहौल बन गया। एक ओर जहां तीन साल की मासूम बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर एक दुकानदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया।
तालाब में डूबने से मासूम की मौत
पिथौरागढ़ के विण ब्लॉक के पाली गांव में तीन साल की बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी कुलदीप चंद की तीन साल की बेटी अपनी दादी के साथ खेतों में गई थी। उस दौरान दादी पशुओं के लिए चारा काट रही थीं और बच्ची पास में ही खेल रही थी।
कुछ देर बाद जब दादी ने पोती को आवाज दी तो वह आसपास कहीं दिखाई नहीं दी। घबराई दादी ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। गांव वालों ने आसपास खोजबीन शुरू की तो बच्ची तालाब में पड़ी मिली।
परिजन तुरंत उसे लेकर करीब 18 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रशांत अधिकारी के अनुसार तालाब में डूबने से बच्ची के फेफड़ों में पानी भर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद बच्ची की दादी और मां समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्ची के पिता कुलदीप चंद भारतीय सेना में तैनात हैं और उन्हें भी इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है।
