नैनीताल: 31 दिसंबर और नववर्ष के जश्न को देखते हुए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशों पर मंगलवार तड़के से ही जनपद की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पर्यटकों का स्वागत करते हुए हुड़दंग और अराजकता फैलाने वालों पर सख्ती दिखाई गई।
पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच वाहन चेकिंग अभियान में कुल 263 वाहनों के चालान किए गए। वहीं नियमों का उल्लंघन करने पर 8 वाहनों को सीज किया गया और 2 चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 4 लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए उनके वाहन सीज किए गए।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नववर्ष के जश्न की आड़ में किसी भी तरह का हुड़दंग या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के तहत देर रात पुलिस ने एल्कोमीटर से चेकिंग कर नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया।
पुलिस ने बताया कि आज सुबह से ही जनपद की सीमाओं में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है। अनियमितता पाए जाने पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों को बॉर्डर पर ही रोका जा रहा है।
नैनीताल पुलिस ने आम लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और पुलिस को सहयोग दें, ताकि नववर्ष का जश्न सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा सके।
