गुलदार का खौफ
कोटद्वार: उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पोखड़ा रेंज के श्रीकोट गांव में देर रात एक गुलदार ने चार वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसकी जान ले ली। बच्ची का शव घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में मिला। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार रिया (4) पुत्री जितेंद्र रावत रोज की तरह शाम करीब आठ बजे घर के आंगन में खेल रही थी। तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया और बच्ची को उठा ले गया। परिवार की चीख-पुकार सुनकर गांव वाले एकत्रित हुए और तलाश शुरू की। कुछ ही देर में बच्ची का शव पास की झाड़ियों में बरामद हुआ।
इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही गढ़वाल वन प्रभाग के रेंजर नक्षत्र शाह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने गुलदार की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है ताकि ऐसी घटनाओं से बचाव किया जा सके।
