हल्द्वानी: थर्टी फर्स्ट और नववर्ष के मौके पर हुड़दंग और नशे के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। शहर और आसपास के क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान शराब पीकर उत्पात मचाने वाले 40 हुड़दंगियों और 11 नशेड़ी वाहन चालकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। कई आरोपियों की रात हवालात में गुजरी, जबकि नशे में वाहन चला रहे चालकों के वाहन सीज कर दिए गए।
पुलिस के अनुसार, नववर्ष की रात यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 206 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिन पर 50 हजार 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। नशे में वाहन चला रहे कुछ चालकों ने पुलिस से बहस करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर ही उनके चालान काटे गए और कानूनी कार्रवाई की गई।
इस दौरान नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी स्वयं सड़कों पर उतरे और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी प्रभारी अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस एक्ट के तहत 40 हुड़दंगियों को हिरासत में लेकर जुर्माना लगाया गया।
इधर, मुखानी थाना क्षेत्र में नववर्ष की आड़ में शराब तस्करी का प्रयास भी पुलिस ने नाकाम कर दिया। थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में आम्रपाली बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने 220 पाउच (करीब 74 लीटर) कच्ची शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी 21 वर्षीय मलकीत सिंह, निवासी ककराला, थाना गदरपुर, जिला ऊधमसिंह नगर बताया गया है। पुलिस ने शराब के साथ उसकी बाइक भी सीज कर दी है।
