नैनीताल: नंदा-सुनंदा महोत्सव की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। आगामी 28 अगस्त से 5 सितंबर तक चलने वाले इस भव्य आयोजन के लिए पालिका ने गुरुवार को टेंडर खोले।
मेले के दौरान फ्लैट्स मैदान में लगने वाली दुकानों का टेंडर 55 लाख 21 हजार रुपये में प्रिंस ट्रेडिंग कंपनी (चंबा, हिमाचल) के नाम हुआ। इस टेंडर में कुल तीन कंपनियों—प्रिंस ट्रेडिंग कंपनी, ठाकुर जी इंटरप्राइजेज और देव इंटरप्राइजेज—ने भाग लिया था। इनमें प्रिंस ट्रेडिंग ने सबसे अधिक बोली लगाई, जिसके बाद आयोजन समिति ने फैसला उसी के पक्ष में सुनाया। दुकानों के लिए टेंडर का बेस प्राइस 55 लाख रुपये तय था।
वहीं, बिजली, ध्वनि और सीसीटीवी व्यवस्था का टेंडर 8 लाख रुपये में भवाली की साईं लाइट हाउस कंपनी को दिया गया। महोत्सव के दौरान रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी इसी कंपनी पर होगी।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल की ओर से गठित समिति की मौजूदगी में टेंडर खोले गए। इस दौरान ईओ रोहिताश शर्मा, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, सहायक अभियंता दीनदयाल सती और कई सभासद भी उपस्थित रहे।
