नैनीताल: नैनीताल की सर्वजनिन दुर्गा पूजा कमेटी 28 सितंबर (रविवार) से शुरू होने जा रहे पांच दिवसीय 69वें दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों में जुट गई है। हर साल की तरह इस बार भी नवरात्र के अवसर पर मल्लीताल स्थित मां नयना देवी मंदिर परिसर में भव्य आयोजन किया जाएगा।
मंदिर परिसर में प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का कार्य जारी है। कानपुर से आए मूर्तिकार विक्रम सरकार ने बताया कि इस वर्ष सभी प्रतिमाएं पूरी तरह प्राकृतिक सामग्री से बनाई जा रही हैं ताकि विसर्जन के दौरान पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। उनके साथ विश्वजीत, जय और प्रेम भी प्रतिमा निर्माण कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
कमेटी के अध्यक्ष बहादुर सिंह बिष्ट, महासचिव उमेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह फत्र्याल और सौरभ सहित अन्य पदाधिकारी तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। आयोजन समिति का कहना है कि इस बार महोत्सव को और भव्य एवं सांस्कृतिक रंग देने के लिए कई विशेष कार्यक्रम भी शामिल किए जाएंगे।
