उत्तराखंड: पौड़ी गढ़वाल जिले में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तलसारी गांव निवासी 32 वर्षीय युवक जितेंद्र सिंह ने अपने ही वाहन में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिंगल बोर बंदूक और खोखा बरामद कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ी से गोली चलने की आवाज सुनी। जब जाकर देखा गया तो गाड़ी के अंदर युवक लहूलुहान अवस्था में मिला। सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गाड़ी को कब्जे में लिया और प्रारंभिक जांच शुरू की।

मृतक जितेंद्र सिंह ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में उसने जमीन से जुड़े विवाद और लाखों रुपये वापस न मिलने की बात कही थी। वीडियो में उसने कुछ लोगों पर आर्थिक शोषण का आरोप भी लगाया। पुलिस ने वीडियो को सुरक्षित कर लिया है और इसकी गहन जांच कर रही है।
एसएसपी पौड़ी गढ़वाल लोकेश्वर सिंह ने बताया कि युवक द्वारा साझा किए गए वीडियो में जिन लोगों का नाम है, उन्हें हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिरकार युवक को आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए किस वजह ने मजबूर किया।
जितेंद्र सिंह मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के तलसारी गांव का रहने वाला था, लेकिन बीते कुछ समय से देहरादून में अपने परिवार के साथ रह रहा था। उसके इस कदम से परिवार पूरी तरह से सदमे में है।
घटना के बाद राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। मृतक द्वारा बनाए गए वीडियो में जिनका नाम सामने आया है, उनमें से एक भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारी भी है। वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी ने तत्काल प्रभाव से उस पदाधिकारी को संगठन से हटा दिया है।
