चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड़–पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना में बड़ा हादसा सामने आया है। पीपलकोटी स्थित मायापुर हाट गांव के पास टीबीएम (टनल बोरिंग मशीन) साइट पर मंगलवार रात शिफ्ट चेंज के दौरान टनल के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बड़ी संख्या में मजदूर घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय टनल साइट पर कुल 109 मजदूर मौजूद थे। टक्कर के बाद टनल के अंदर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल मजदूरों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल गोपेश्वर और पीपलकोटी स्थित अस्पतालों में पहुंचाया गया।
जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने बताया कि हादसे में करीब 88 मजदूर घायल हुए हैं। इनमें से 70 घायलों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में किया गया, जिनमें 66 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। चार मजदूरों को फ्रैक्चर होने के कारण अस्पताल में भर्ती रखा गया है। वहीं 18 घायल मजदूरों का उपचार विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में किया गया, जिन्हें इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और 21 मजदूर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं परियोजना स्थल पर भी प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि अलकनंदा नदी पर प्रस्तावित 444 मेगावाट की विष्णुगाड़–पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना में टनल का निर्माण कार्य चल रहा है। मंगलवार रात करीब नौ बजे शिफ्ट बदलने के दौरान टनल के अंदर से बाहर आ रही खाली लोको ट्रेन, बाहर से मजदूरों को लेकर अंदर जा रही ट्रेन से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और परियोजना प्रबंधन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की पूरी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
