उत्तराखंड : दिल्ली के लालकिले के पास सोमवार शाम हुए कार ब्लास्ट में अब तक 9 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। FSL की टीम और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं।
इस धमाके में उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर निवासी हर्षिल सेतिया (28 वर्ष) भी घायल हुए हैं। बताया गया है कि हर्षिल अपनी शादी की शॉपिंग के लिए अपने परिवार के साथ दिल्ली आए थे।
हर्षिल के पिता संजीव सेतिया के अनुसार, “हमारे बेटे की शादी फरवरी में तय है। वो अपनी मां, छोटे भाई और मंगेतर के साथ खरीदारी के लिए दिल्ली गया था। जब लालकिले के पास विस्फोट हुआ, हर्षिल की कार पास की सड़क से गुजर रही थी। धमाके के दौरान कार का शीशा खुला होने की वजह से उसे कांच के टुकड़े लगे और वह घायल हो गया।”
घटना के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। जल्द ही उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
परिजनों ने कहा कि फिलहाल वे किसी भी तरह की अटकल या आशंका से बचने की अपील करते हैं, जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती।
फिलहाल पुलिस ने मामले में UAPA और विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां धमाके की हर एंगल से पड़ताल कर रही हैं।
