बदरीनाथ: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू हो चुका है और यह नवंबर तक चलेगा। इस बीच अब चारों धामों के कपाट बंद होने की तिथियों की घोषणा हो रही है।
गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के बाद अब बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि भी तय कर दी गई है। दशहरे के दिन हुई घोषणा के अनुसार बदरीनाथ धाम के कपाट मंगलवार 25 नवंबर को दोपहर 2:56 बजे शुभ मुहूर्त में बंद होंगे।
इससे पहले 22 अक्टूबर को गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट पर्व पर 11:36 बजे बंद होंगे। यमुनोत्री धाम के कपाट भी 23 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे बंद होंगे। वहीं बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर भैया दूज के दिन बंद होंगे।
शीतकाल प्रवास की परंपरा के अनुसार कपाट बंद होने के बाद बदरीनाथ भगवान की पूजा चमोली के पांडुकेश्वर और जोशीमठ में की जाएगी। भगवान केदारनाथ शीतकाल में ऊखीमठ में विराजेंगे। मां गंगा का शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव और मां यमुना का प्रवास खरसाली गांव होगा।
द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर धाम के कपाट 18 नवंबर को और तृतीय केदार तुंगनाथ धाम के कपाट 6 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे।
अपडेट जारी है…
