देहरादून: प्रेमनगर थानाक्षेत्र के कंडोली में गुरुवार को श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल के एक नर्सिंग स्टाफ ने अपने घर में खुदकुशी कर ली। उनके हाथ में कैनुला लगा हुआ मिला। वहीं बिस्तर पर एक शीशी, दो खाली सिरिंज और एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने कैनुला के जरिए जहरीला इंजेक्शन लिया।
मृतक की पहचान भद्रकाली निवासी अशोक (32) पुत्र प्रकाश चंद के रूप में हुई। वह श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत थे। बिधौली चौकी प्रभारी प्रवीण सैनी ने बताया कि अशोक के पिता प्रकाश चंद ने सूचना दी कि उनके बेटे अशोक ने घर में आत्महत्या कर ली है।
पुलिस के अनुसार, जब टीम मौके पर पहुंची तो अशोक अपने कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में पाए गए। उनके बाएं हाथ में कैनुला लगा था। मौके से मोबाइल फोन, सुसाइड नोट, शीशी और दो खाली सिरिंज बरामद किए गए। फील्ड यूनिट को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई की गई। सुसाइड नोट में किसी पर भी आरोप नहीं लगाया गया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि सुसाइड नोट में अशोक ने किसी को अपनी मौत का जिम्मेदार नहीं ठहराया। उन्होंने अपने मोबाइल और अन्य अकाउंट्स के पासवर्ड लिख दिए ताकि परिवार को इन जानकारियों को प्राप्त करने में कोई कठिनाई न हो। साथ ही अपने आत्महत्या के निर्णय के लिए परिजनों से माफी भी मांगी। सुसाइड नोट में लिखा था:
“पापा, मैंने आपका दिल दुखाया, मुझे माफ करना। मेरी मोटरसाइकिल का ध्यान रखना, उसे आप चलाना। अकाउंट से पैसे निकालकर बहन की शादी करना।”
