नैनीताल: आगामी क्रिसमस, नववर्ष और शीतकालीन अवकाश के दौरान नैनीताल में बढ़ने वाले पर्यटक दबाव को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमायूँ परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल (IPS) की अध्यक्षता में सोमवार को एक महत्वपूर्ण यातायात समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टी.सी., एएसपी रेवाधर मठपाल, सीओ दीपशिखा अग्रवाल, सीओ अमित कुमार, सीओ सुमित पांडे, सीओ नितिन लोहनी, निरीक्षक यातायात वेद प्रकाश भट्ट, महेश चन्द्रा, बी.एस. बिष्ट, थाना प्रभारी मल्लीताल-तल्लीताल, तथा टैक्सी यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने कहा, नैनीताल आने वाले हर पर्यटक का अनुभव हमारी संवेदनशीलता और कार्यकुशलता पर निर्भर करता है। इसलिए योजना, समन्वय और क्रियान्वयन में पारदर्शिता व सजगता आवश्यक है।
मुख्य दिशा-निर्देश एवं निर्णय
पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ –
भीड़ वाले क्षेत्रों जैसे मल्लीताल, तल्लीताल, मॉल रोड और हाईकोर्ट क्षेत्र में वैकल्पिक पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएंगे। साइनेज, लाइटिंग व निगरानी व्यवस्था बेहतर की जाएगी।
टैक्सी स्टैंडों का पुनर्गठन –
लाइनिंग सिस्टम, पार्किंग जोन और ‘रोटेशन सिस्टम’ लागू कर टैक्सी संचालन को अनुशासित किया जाएगा।
दोपहिया टैक्सियों का सत्यापन अनिवार्य –
बिना अनुमति व अनियमित वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त सत्यापन अभियान –
पुलिस द्वारा सभी टैक्सी व सार्वजनिक वाहनों की तकनीकी व दस्तावेज़ी जांच अगले 15 दिनों में पूरी की जाएगी।
स्थानीय निकायों के साथ समन्वय बैठकें –
यातायात बाधाओं, घोड़ा मार्गों और पार्किंग उपयोग पर संयुक्त “सुगम यातायात कार्ययोजना” तैयार होगी।
भौतिक निरीक्षण रिपोर्टिंग –
सभी अधिकारी एक सप्ताह में यातायात बिंदुओं की रिपोर्ट देंगे।
त्योहार पूर्व ‘रिहर्सल ट्रैफिक प्लान’ –
वास्तविक परिस्थितियों में ट्रैफिक संचालन का अभ्यास किया जाएगा।
पुलिस कर्मियों की चयनित ड्यूटी –
अनुभवी और स्थानीय भूगोल से परिचित कर्मियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
एएनपीआर कैमरा सिस्टम की समीक्षा –
संदिग्ध वाहनों की पहचान और वास्तविक समय निगरानी के लिए तकनीकी व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
पर्यटकों के लिए सूचना बैनर व क्यूआर कोड –
मार्गदर्शन हेतु डिजिटल जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
सार्वजनिक घोषणा एवं सोशल मीडिया प्रसारण –
यातायात दिशा-निर्देशों का रीयल-टाइम प्रचार किया जाएगा।
कलर कोडिंग सिस्टम लागू –
टैक्सी रूटों को रंगों द्वारा चिन्हित किया जाएगा जिससे जाम कम होगा।
पड़ोसी जनपदों से समन्वय बैठक –
ऊधमसिंह नगर व अल्मोड़ा जनपद के साथ संयुक्त यातायात रणनीति बनाई जाएगी।
कैंची धाम में भी मॉडल का विस्तार –
नैनीताल ट्रैफिक मॉडल के सकारात्मक परिणामों के आधार पर इसे कैंची धाम में लागू किया जाएगा।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल का संदेश
“नैनीताल की सुंदरता उसके अनुशासन और स्वच्छता में निहित है। हमारा उद्देश्य केवल नियंत्रण नहीं, बल्कि सुविधा प्रदान करना है। पर्यटक जहां आत्मविश्वास से घूम सकें और स्थानीय नागरिक राहत महसूस करें — यही पुलिस व्यवस्था की सफलता है।”

मुख्य दिशा-निर्देश एवं निर्णय