देहरादून: राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने एक साथ कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। दिल्ली से आई करीब 100 अधिकारियों की टीम 25 वाहनों के काफिले के साथ शहर में पहुंची और विभिन्न कारोबारी प्रतिष्ठानों व आवासों पर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान शहर के कारोबारी वर्ग में अफरातफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, छापेमारी की शुरुआत रेसकोर्स क्षेत्र से हुई, जहां अधिकारियों की टीमें पहुंचकर अलग-अलग समूहों में विभाजित होकर विभिन्न ठिकानों की ओर रवाना हुईं। टीमों ने कई कारोबारियों के घरों और कार्यालयों को भीतर से बंद कर जांच की। परिवार के सदस्यों से पूछताछ के साथ-साथ तिजोरियों, बैंक खातों और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की गई। कई जगहों पर कैश बरामद होने के बाद उसे गिनने के लिए मशीनें मंगवाई गईं।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कई कारोबारी परिवारों के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। वहीं, जिन घरों में गहने मिले, उनके बिलों की जांच की गई और बिना बिल के मिले आभूषण जब्त कर लिए गए।
स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी इस कार्रवाई में सहयोग के लिए लगाया गया, हालांकि किसी भी विभागीय अधिकारी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि जिन कारोबारियों के यहां छापेमारी हुई है, उनमें कुछ पहले भी आयकर विभाग की रडार पर रह चुके हैं। दिनभर शहर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं बनी रहीं।
