कैंची धाम में मॉक ड्रिल
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में विश्वप्रसिद्ध श्री कैंची धाम मंदिर में संभावित आतंकी हमले और विस्फोट की स्थिति से निपटने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस ड्रिल की थीम बम विस्फोट के बाद पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, आतंकियों पर कार्रवाई और राहत–बचाव कार्य पर केंद्रित रही।

मंदिर परिसर में तीन विस्फोट
मॉक ड्रिल के अनुसार मंदिर में एक साथ तीन आतंकी विस्फोट होते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया और सभी इकाइयों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी भवाली श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर कमान संभाली और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। सशस्त्र बलों ने मंदिर परिसर को चारों ओर से घेर लिया।

आतंकवाद निरोधक दस्ते की कार्रवाई
जवाबी कार्रवाई में आतंकवाद निरोधक दस्ते ने छुपे हुए आतंकियों में से दो को ढेर कर दिया और तीन को जिंदा गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आतंकियों को पूछताछ के लिए थाने भेजा गया।
ड्रिल के अनुसार विस्फोट में एक नागरिक की मौत और तीन लोग घायल माने गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया।
मोबाइल फोरेंसिक यूनिट की टीम ने मौके से सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए।

इस मॉक ड्रिल में— पीएसी,एसडीआरएफ, आतंकवाद निरोधक दस्ता, बीडीएस, डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक मोबाइल यूनिट, मेडिकल व संचार टीम ,ड्रोन टीम, मंदिर प्रशासन, स्थानीय पुलिस व प्रशासन, सक्रिय रूप से शामिल रहे।
यह संपूर्ण अभ्यास पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा के नेतृत्व में तथा अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी भवाली श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक संपादित किया गया।
