लोहाघाट–घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादस|
लोहाघाट–घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादस|
उत्तराखण्ड/ चम्पावत : उत्तराखण्ड के चम्पावत जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। लोहाघाट–घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
हुआ यह कि बारात से लौट रही बोलेरो अचानक बागधारा के पास गहरी खाई में गिर गई, जिसमें मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ। पिथौरागढ़ जिले के शेराघाट के किलोटा गांव से बबलू की बारात चंपावत के बालातड़ी गांव आई थी। विदाई के बाद जब बराती वापस लौट रहे थे, तभी बोलेरो वाहन संख्या UK 04 TB 2074 अचानक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि वाहन चालक नशे में था, जिसकी वजह से वाहन फिसल गया और यह हादसा हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक कुमार, पुलिस टीम, एसडीआरएफ और फायर यूनिट मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी रेस्क्यू में बड़ी मदद की। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से निकालकर लोहाघाट के उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार पांच लोग घायल अवस्था में अस्पताल लाए गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे चंपावत जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मृतकों की पहचान भावना चौबे और उनके बेटे प्रियांशु, प्रकाश चंद्र उनियाल, केवल चंद्र उनियाल और सुरेश नौटियाल के रूप में हुई है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मृतकों में एक महिला, एक बच्चा और तीन पुरुष शामिल हैं।
घायलों में धीरज (रुद्रपुर), 14 वर्षीय राजेश (लाखतोली), 5 वर्षीय चेतन चौबे (दिल्ली), भास्कर पांडा (किलोटा) और वाहन चालक देवदत्त (सल्ला भाटकोट, शेराघाट) शामिल हैं। सभी का उपचार जारी है।
यह हादसा इतना भयावह था कि शुक्रवार सुबह यह खबर सुनते ही आसपास के गांवों में मातम पसर गया। लोग स्तब्ध रह गए कि जिस रात दोनों गांवों में शादी का जश्न मनाया जा रहा था, उसी रात कुछ ही दूरी पर बरातियों के साथ इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। खुशी से लौट रही यह बोलेरो एक पल में दर्द, टूटे सपनों और बिखरे परिवारों की दास्तां बन गई।
