हल्द्वानी: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सर्किट हाउस काठगोदाम में उद्योग मित्र की बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि औद्योगिक विकास से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक आस्थान क्षेत्रों से जुड़ी सड़क, वैकल्पिक मार्ग, पेयजल, बिजली आपूर्ति, विद्युत सब-स्टेशन निर्माण, जीएसटी रिफंड सहित अन्य समस्याएं सामने रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सकारात्मक और व्यावहारिक समाधान निकालने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में होने वाले सभी कार्य क्वालिटी इंडस्ट्री मानकों के अनुरूप होने चाहिए। इसके लिए अधिकारियों और उद्यमियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। जिन योजनाओं में आंगणन तैयार किया जाना है, उन्हें विभागीय समन्वय के साथ शीघ्र पूरा कराया जाए।
बैठक में जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत उपादान स्वीकृति के लिए कुल 41 प्रकरण समिति के समक्ष रखे गए, जिन्हें संस्तुति हेतु प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा सूर्या गांव–सातताल मोटर मार्ग निर्माण के लिए 26.96 लाख रुपये का प्रस्ताव लोनिवि नैनीताल द्वारा शासन को भेजा गया था, जिसे आंगणन में आपत्ति के कारण पुनः प्रेषित किया गया है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोनिवि को शासन स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश दिए।
कोटाबाग विकासखंड में 33 केवीए के नए विद्युत उपसंस्थान के लिए भूमि चयन की जानकारी भी दी गई। हालांकि राजस्व भूमि पर अतिक्रमण होने की बात सामने आई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को अतिक्रमण हटाकर चाहरदीवारी निर्माण के निर्देश दिए।
बैठक में उद्यमियों ने स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को तकनीकी टीम के साथ समन्वय कर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं भीमताल आणु नाले के दिशा परिवर्तन का कार्य विद्युत पोल शिफ्टिंग के कारण लंबे समय से लंबित होने की जानकारी दी गई। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि पोल शिफ्टिंग के लिए धनराशि आवंटित हो चुकी है और जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।
बैठक में हिमालयन चैंबर के अध्यक्ष आरसी बिलोला, सचिव मनोज ढांका, मलय तिवारी, दीपक कुमार अग्रवाल, महाप्रबंधक उद्योग पल्लवी गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान सहित विद्युत, सिंचाई, सड़क, जल संस्थान और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
