नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल एक बार फिर उत्सव के रंग में रंगने जा रही है। सात साल के लंबे इंतजार के बाद नैनीताल में विंटर कार्निवाल 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 22 दिसंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर तक चलेगा। क्रिसमस और विंटर टूरिज्म सीजन को देखते हुए इस बार कार्निवाल को खास और भव्य रूप दिया गया है।
जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि विंटर कार्निवाल का उद्देश्य उत्तराखंड की लोक संस्कृति, कला और परंपराओं को सामने लाना है। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों को मंच देना भी आयोजन का प्रमुख मकसद है।
उत्तराखंड के चंपावत जिले के निवासी और इंडियन आइडल सीजन-12 के विजेता पवनदीप राजन इस विंटर कार्निवाल की सबसे बड़ी प्रस्तुति देंगे। पवनदीप आज देशभर में अपनी आवाज और संगीत के लिए पहचाने जाते हैं। वे केवल गायक ही नहीं, बल्कि मल्टी-इंस्ट्रूमेंटलिस्ट भी हैं और गिटार, कीबोर्ड, तबला व ड्रम जैसे कई वाद्य बजाने में माहिर हैं। प्रदेश सरकार उन्हें उत्तराखंड का यूथ ब्रांड एंबेसडर भी घोषित कर चुकी है।
विंटर कार्निवाल में पवनदीप राजन का लाइव शो 24 दिसंबर की शाम क्रिसमस ईव पर होगा। इसे लेकर नैनीताल के स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों में भी खासा उत्साह है। नैनाजी झील के किनारे होने वाली इस प्रस्तुति के दौरान पूरी सरोवर नगरी संगीत में डूबी नजर आएगी।
चार दिन का पूरा कार्यक्रम
22 दिसंबर:
नैनीताल के बिड़ला चुंगी से कैंची धाम तक करीब 20 किलोमीटर की ट्रैकिंग।
सेलिंग रिगाटा, बैंड परफॉर्मेंस और एडवेंचर गतिविधियां।
23 दिसंबर:
नैनीझील में बोटिंग रेस।
शाम को दीपदान कार्यक्रम से झील रोशन होगी।
रात में परमीश वर्मा की प्रस्तुति।
24 दिसंबर:
फूड फेस्टिवल का आयोजन।
पर्यटक उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।
शाम को पवनदीप राजन का लाइव शो।
25 दिसंबर:
पेंटिंग, डांस और टैलेंट प्रतियोगिताएं।
समापन कार्यक्रम में पांडवाज ग्रुप और गायक मान पानू की प्रस्तुति।
पर्यटन विभाग के अनुसार इस आयोजन से न केवल सर्दियों के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक खान-पान को भी पहचान मिलेगी। कार्निवाल के दौरान माल रोड को आकर्षक लाइटिंग से सजाया जाएगा। शहर में कई स्थानों पर सेल्फी पॉइंट और एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएंगी।
सात साल बाद लौट रहा विंटर कार्निवाल नैनीताल के लिए एक बार फिर यादगार उत्सव बनने जा रहा है।
