नैनीताल में विंटर कार्निवल
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में विंटर कार्निवाल का भव्य और रंगारंग शुभारंभ हो गया है। कार्निवाल का उद्घाटन नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने किया। उद्घाटन के साथ ही शहर उत्सव के रंगों में डूब गया और माल रोड से लेकर झील किनारे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।
कार्यक्रम के दौरान माल रोड पर अमरोहा से आए सिख समुदाय के कलाकारों ने गतका की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं धारचूला और मुनस्यारी से आए रंग समाज के सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में अपनी लोकसंस्कृति से दर्शकों को रूबरू कराया। रैली के दौरान उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा और लोकगीतों ने माहौल को और जीवंत बना दिया। नैनीताल पहुंचे पर्यटकों ने भी कार्निवाल का जमकर आनंद लिया।
देर शाम लोक गायिका खुशी जोशी, नीरज मिश्रा और राकेश खानवाल की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं स्टार नाइट में लोकप्रिय गायक परमिश वर्मा और चारु सेमवाल दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
विंटर कार्निवाल के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या और अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय ने तल्लीताल डांठ से सांस्कृतिक झांकियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। झांकियां मल्लीताल तक निकाली गईं, जिनमें आर्मी बैंड, पुलिस बैंड और विभिन्न स्कूलों के बैंडों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
धारचूला और दारमा घाटी से आए रंग और जौहर समाज के सांस्कृतिक दलों ने लोकगीतों और नृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध परंपराओं को मंच पर उतारा।
कार्निवाल के दौरान उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकपर्व ‘हिलजात्रा’ के प्रतीक लाखिया भूत की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नौकायन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नैनी झील में सेलिंग रिगाटा का आयोजन किया गया।
शाम के समय तल्लीताल बोट स्टैंड, नयना देवी मंदिर और बोट हाउस क्लब से दीपदान किया गया, जिससे पूरी झील क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। इसके अलावा हनुमानगढ़ी में विंटर लाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
कार्निवाल के दौरान दिन भर और शाम को स्टार नाइट के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें स्थानीय कलाकारों के साथ स्कूली बच्चों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। फूड फेस्टिवल और नुक्कड़ नाटकों ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगाए।



