नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नैनीताल जिले के विकास से जुड़ी 121 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत वाली 13 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान लंबे समय से प्रतीक्षित मेट्रोपोल सर्फेस पार्किंग निर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया गया, जिसकी लागत 42 करोड़ 77 लाख रुपये है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 30 करोड़ 66 लाख रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण और 90 करोड़ 86 लाख रुपये की 11 योजनाओं का शिलान्यास किया। लोकार्पण की प्रमुख योजनाओं में सूखाताल झील को रिचार्जिंग जोन और नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का कार्य शामिल रहा। 29 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से झील का संवर्धन और सौंदर्यीकरण किया गया है, जिसमें दो नई झीलों का निर्माण, उनके बीच डक्ट, एयरेशन प्लांट, दुकानें, शौचालय ब्लॉक, ट्रांजिट भवन, लिफ्ट और झील के चारों ओर पैदल पथ तैयार किया गया है।
इसके अलावा हल्द्वानी के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से पुस्तकालय भवन के पुनरुद्धार कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 11 नई योजनाओं का शिलान्यास किया। बेतालघाट में 9 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से दूनीखाल-रातीघाट-पाडली मोटर मार्ग पर प्री-स्ट्रेस पुल का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय आवागमन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। नैनीताल मुख्यालय में 34 करोड़ 3 लाख रुपये की लागत से ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी, जिसमें 202 चारपहिया और 96 दुपहिया वाहनों की क्षमता होगी।
रामनगर में 38 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग बनाई जाएगी, जिसमें 343 वाहनों की पार्किंग क्षमता के साथ 16 दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। रामनगर के दो गांवों में 10-10 लाख रुपये की लागत से सर्वो वोल्टेज स्टेबलाइजर लगाए जाएंगे, जिससे लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। बेतालघाट के अमेल गांव में 60 लाख 57 हजार रुपये की लागत से लिफ्ट सिंचाई योजना शुरू की जाएगी।
हल्द्वानी क्षेत्र में 61 लाख 23 हजार रुपये से चार स्कूलों की मरम्मत व निर्माण कराया जाएगा, जबकि लालकुआं में 4 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से 14 स्कूलों और एक आंगनबाड़ी केंद्र का सुधार कार्य किया जाएगा। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में 2 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से पांच विद्यालयों, एक सड़क, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उपकेंद्र में निर्माण कार्य होंगे। रामनगर में 78 लाख रुपये से चार विद्यालयों का सुधार किया जाएगा। वहीं गोला नदी के दानीजाला क्षेत्र में 28 लाख 82 हजार रुपये की लागत से रिवर क्रॉसिंग केबल लाइन का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये सभी योजनाएं जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूत करेंगी, पर्यटन को बढ़ावा देंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है, उन्हें तय समय में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

