उत्तराखंड हाईकोर्ट(नैनीताल हाईकोर्ट)
नैनीताल: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 224 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सिद्धार्थ साह को दो वर्ष की अवधि के लिए उत्तराखंड उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया है। इस संबंध में भारत सरकार की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
यह आदेश भारत सरकार के अपर सचिव जगन्नाथ श्रीनिवासन द्वारा जारी पत्र के माध्यम से जारी किया गया। नियुक्ति से संबंधित सूचना अपर सचिव प्रेम चंद की ओर से संबंधित सभी विभागों और अधिकारियों को भेजी गई है।
जारी पत्र के अनुसार, सिद्धार्थ साह की नियुक्ति की जानकारी उत्तराखंड के राज्यपाल के सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव, मुख्य न्यायाधीश के सचिव, मुख्य सचिव, रजिस्ट्रार जनरल, अकाउंटेंट जनरल, राष्ट्रपति सचिवालय, प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव के पी.एस., सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार, विधि एवं न्याय मंत्रालय के सचिव तथा एनआईसी के तकनीकी निदेशक सहित न्याय विभाग के संबंधित अधिकारियों को दी गई है।
नियुक्ति आदेश जारी होने के साथ ही न्यायिक और विधिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने सिद्धार्थ साह को बधाई दी है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ न्यायिक कार्यों में मिलेगा।
