देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी और माता सोनी देवी ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात के दौरान अंकिता के माता-पिता भावुक हो गए और उन्होंने बेटी की हत्या को लेकर अपनी पीड़ा और भावनाएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार देर शाम हुई इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने करीब एक घंटे तक पूरे संवेदनशीलता के साथ अंकिता के माता-पिता की बात सुनी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार अंकिता के माता-पिता की भावनाओं का पूरा सम्मान करती है और उनकी मांगों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। अंकिता के माता-पिता पहले से ही पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग करते आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात के दौरान भी उन्होंने मुख्यमंत्री से दोबारा सीबीआई जांच की मांग रखी। हाल के दिनों में मामले को लेकर बने माहौल और सामने आ रहे घटनाक्रम से वे बेहद आहत भी नजर आए।
बताया जा रहा है कि हालिया घटनाक्रम को देखते हुए सरकार भी सीबीआई जांच के विकल्प से पीछे नहीं हट रही है। अंकिता के माता-पिता की भावनाओं के अनुरूप राज्य सरकार इस मामले में न्यायालय के फैसले और नई जांच से जुड़े पहलुओं पर विधिक राय लेने के बाद सीबीआई जांच को लेकर आगे की प्रक्रिया पर विचार करेगी।
