नैनीताल: शहर में फर्जी पर्यटन गाइडों पर पुलिस और नगर पालिका की कार्रवाई बेअसर साबित हो रही है। मल्लीताल क्षेत्र में एक फर्जी गाइड की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। गाइड ने पर्यटकों को होटल में उतारने के बाद उनकी कार लेकर घूमने निकल गया और मालरोड में वाहन को पेड़ और डस्टबिन से टकरा दिया।
गनीमत रही कि हादसा सुबह तड़के हुआ, उस समय सड़क पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में होटल संचालक ने पर्यटक को हर्जाना देकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार बदरपुर, दिल्ली निवासी फिरोज सैफी शनिवार तड़के नैनीताल घूमने पहुंचे थे। वह मल्लीताल क्षेत्र में मोहन होटल में कमरा लेने पहुंचे। होटल के बाहर खड़े एक कथित पर्यटन गाइड ने वाहन पार्किंग में खड़ा करने की बात कहकर कार की चाबी ले ली। इसके बाद वह होटल के एक कर्मचारी के साथ कार लेकर निकल गया।
कुछ देर बाद होटल कर्मचारी ने सूचना दी कि मालरोड क्षेत्र में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और गाइड मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पर्यटक मौके पर पहुंचे तो अपनी कार को बुरी हालत में देखकर हैरान रह गए। इसके बाद वह गाइड और होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे।
कोतवाली में घंटों चली बातचीत के बाद होटल संचालक ने नुकसान की भरपाई के रूप में पर्यटक को 40 हजार रुपये दिए, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि फरार फर्जी पर्यटन गाइड की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
