हल्द्वानी: बहुचर्चित GMFX GLOBAL LIMITED कंपनी घोटाला मामले में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने कंपनी के मालिक बिमल रावत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर निवेशकों को 25 से 30 महीनों में रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप है।
मामले में 18 जनवरी 2026 को कपिल कॉलोनी, बड़ी मुखानी निवासी पार्थ परासर ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि GMFX GLOBAL LIMITED कंपनी के मालिक बिमल रावत और उसकी पत्नी रुबी रावत ने एक योजना के तहत निवेशकों से पैसे जमा कराए। नवंबर और दिसंबर 2024 में वादी से 5-5 लाख रुपये की दो किस्तों में कुल 10 लाख रुपये निवेश कराए गए। आश्वासन दिया गया था कि निवेश की गई राशि को मार्केट ट्रेडिंग में लगाकर 25-30 महीनों में दोगुना किया जाएगा और हर महीने 8 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा।
आरोप है कि बिमल रावत ने वादी को केवल 1 लाख 90 हजार रुपये मूलधन और उतनी ही राशि ब्याज के रूप में अपनी पत्नी के खाते से वापस की, जबकि शेष 8 लाख 10 हजार रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। इस पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 20/26 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए। जांच अधिकारी द्वारा 19 जनवरी 2026 को आरोपी को तलब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और विवेचना के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। एसएसपी नैनीताल ने आम जनता से अपील की है कि शॉर्टकट कमाई के लालच में अपनी मेहनत की जमा पूंजी किसी भी संदिग्ध स्कीम में न लगाएं और ऐसी फर्जी योजनाओं से सतर्क रहें।
