हल्द्वानी: फतेहपुर क्षेत्र में गुरुवार को जंगल में बाघ के हमले से 65 वर्षीय गंगा देवी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गंगा देवी दो अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर वे गांव पहुंचकर मदद लाईं। सूचना पर ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सर्च अभियान के बाद जंगल से गंगा देवी का शव बरामद किया गया।
डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने मौके पर पहुंचकर घटना पर दुख जताया और वन्यजीव हमले में मृतका के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ की निगरानी के लिए टीमें तैनात कर दी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी बाघ की गतिविधियां देखी गई थीं। समाजसेवी नीरज तिवारी और जिला पंचायत सदस्य डॉ. छवि कांडपाल बोरा ने हमलावर बाघ को शीघ्र पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक बाघ को पकड़ा नहीं जाता, ग्रामीणों में भय बना रहेगा।
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और समूह में ही जंगल जाने की अपील की है। साथ ही क्षेत्र में निगरानी के लिए कैमरा ट्रैप लगाने की तैयारी की जा रही है।
