बिंदुखत्ता। वेस्ट राजीवनगर क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी की मौत से परिवार और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। मृतका की पहचान राशि सक्सेना के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा में पढ़ती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम किशोरी मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रही थी। इसी दौरान उसके बड़े भाई ने उसे लगातार मोबाइल चलाने को लेकर टोका था। बताया जा रहा है कि इसके बाद रात में किशोरी ने घर के भीतर फंदा लगा लिया।
घटना का पता चलते ही परिजन उसे तत्काल हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह हल्द्वानी की मोर्चरी में किशोरी के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही थी। बेटी की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल बना हुआ है।



