नैनीताल: नैनीताल के बजून क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम कारों की टक्कर के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। घटना में सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंच गए, जहां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए।
जानकारी के अनुसार, नैनीताल शहर के खुरपाताल से वाटरफॉल होते हुए कालाढूंगी की ओर जाने वाले राजकीय राजमार्ग पर उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार ने बजून क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों का आरोप है कि कार संख्या UP23AX3042 तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर वहां खड़ी पांच गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद नैनीताल की ओर भाग निकली।
बताया गया कि कालाढूंगी से नैनीताल की ओर आते समय कार की चपेट में आने से कुछ लोगों को भी चोटें आईं। इसके बाद करीब दो किलोमीटर आगे चारखेत क्षेत्र में वाहन को रोक लिया गया और पुलिस के पास ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों के नुकसान की भरपाई की मांग की।
वहीं, कार में सवार महिलाओं ने घटना को लेकर अलग पक्ष रखा। उनका दावा है कि क्षेत्र के कुछ युवकों ने उनकी कार का पीछा किया और परिवार के साथ मारपीट करने का प्रयास किया। महिलाओं के अनुसार, घबराहट में वाहन को पीछे लेने और आगे बढ़ाने के दौरान दूसरी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला कोतवाली पहुंच गया। दोनों पक्षों ने पुलिस के सामने अपनी-अपनी बात रखी है।
कुछ लोगों ने कार चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस जांच के बाद ही टक्कर की परिस्थितियों और विवाद की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।



