हल्द्वानी: शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं को एक बार फिर कटौती का सामना करना पड़ेगा। मेंटेनेंस कार्य के चलते आज और कल टीपी नगर से लालकुआं बिजलीघर तक पांच घंटे बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक प्रस्तावित शटडाउन से करीब 40 हजार की आबादी प्रभावित होगी।
ऊर्जा निगम के अनुसार, आरडीएसएस योजना के तहत 33 केवी विद्युत लाइन के कंडक्टर बदलने और लॉपिंग-चॉपिंग का काम किया जाना है। इसी कारण विद्युत शटडाउन प्रस्तावित किया गया है। निगम ने उपभोक्ताओं से निर्धारित समय के अनुसार बिजली कटौती को देखते हुए जरूरी तैयारियां करने की अपील की है।
शटडाउन के चलते बेलबाबा फीडर से जुड़े डहरिया, नीलांचल कॉलोनी, मेहता चैरिटेबल और आदर्श कॉलोनी में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
वहीं, देवलचौड़ फीडर से जुड़े मानपुर पश्चिम, देवलचौड़, बंदोबस्ती, जेके इनक्लेव, सिद्धार्थ सिटी, इंद्रप्रस्थ इनक्लेव, महादेव इनक्लेव, बालाजी विहार, प्रेम विहार, श्याम विहार और देवलचौड़ खाम में भी बिजली कटौती होगी।
इसके अलावा संगम विहार, छड़ायल नायक, छड़ायल सुयाल, गैस गोदाम रोड, गोकुल धाम और बिड़ला स्कूल क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
हल्दूचौड़ फीडर से जुड़े सिंघल फार्म, गोपीपुरम, दुम्काबंगर बच्चीधाम, हल्दूचौड़ जग्गी, बमेठाबंगर खीमा, बच्चीपुर और भवानीपुर हरसिंह सहित आसपास के गांवों में भी शटडाउन का असर पड़ेगा।
दूसरी ओर, ऊर्जा निगम ने बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए भी कार्रवाई की है। ग्रामीण डिविजन के अनुसार, पानी की सप्लाई करने वाली एक कंपनी पर करीब पांच लाख रुपये का बिजली बिल बकाया था। सात महीने से भुगतान नहीं किए जाने पर निगम की टीम ने कंपनी का बिजली कनेक्शन काट दिया।
इसके अलावा लामाचौड़, कटघरिया, लालपुर नायक, हरिपुर नायक, डहरिया और रामपुर रोड क्षेत्र में 45 बकाएदारों के बिजली कनेक्शन काटे गए। निगम की ओर से इस कार्रवाई के दौरान करीब 40 लाख रुपये की बकाया वसूली भी की गई।



