नैनीताल: शहर की नैनापीक (चीना पीक) ट्रैक पर लापता हुए अर्णव कुमार सिंह उर्फ प्रिंस का आठवें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका। युवक की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग और डॉग स्क्वॉड की टीमें लगातार जंगलों में सर्च अभियान चला रही हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
बेटे के लापता होने के आठ दिन बाद भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं। इस बीच प्रिंस के पिता पंकज ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए मामले में अन्य पहलुओं को भी गंभीरता से खंगालने की मांग की है।
पिता पंकज का कहना है कि बेटे के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य संबंधित जानकारियों की जांच होनी चाहिए। इससे यह पता लगाया जा सकता है कि लापता होने से पहले उसने किन लोगों से बात की थी और उसकी आखिरी गतिविधियां क्या थीं। उनका कहना है कि जंगलों में तलाश के साथ इन बिंदुओं पर भी जांच जरूरी है।
वहीं, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस युवक के साथ गए दोस्तों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा अर्णव की कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है। पुलिस और अन्य टीमें लगातार सर्च अभियान में जुटी हैं।



