
प्रदेश के सरकारी स्कूलों के छात्र अब भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून के बारे में पढ़ेंगे। राज्य पाठ्यचर्या रूपरेखा के ड्राफ्ट में इसकी सिफारिश की गई है। NCERT द्वारा तैयार ड्राफ्ट में कहा गया है कि छात्रों में सैन्य परंपरा के प्रति सम्मान विकसित करने के लिए IMA की जानकारी पाठ्यक्रम में शामिल की जानी चाहिए।
ड्राफ्ट में यह भी कहा गया है कि छात्रों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान के साथ-साथ उत्तराखंड के वैज्ञानिकों के शोध और उपलब्धियों की जानकारी दी जानी चाहिए।
राज्य के प्रतिष्ठित संस्थान, जैसे आर्यभट्ट प्रेक्षण शोध संस्थान नैनीताल, भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून, भारतीय पेट्रोलियम शोध संस्थान, जड़ी-बूटी शोध संस्थान गोपेश्वर, और आईआईटी रुड़की, छात्रों के शैक्षिक भ्रमण का हिस्सा बन सकते हैं।
ड्राफ्ट में राज्य की 17 स्थानीय भाषाओं पर भी जोर दिया गया है। इन भाषाओं में पारंपरिक ज्ञान और समृद्ध शब्दावली है, जो छात्रों को संस्कृति और भाषा के महत्व को समझने में मदद करेगी।