
उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं के लिए एक विशेष पहल की गई है। सभी विजेता खिलाड़ी देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के पास वन विभाग की भूमि पर अपने नाम का पौधा लगाएंगे। इस खेल वन की शुरुआत आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वृक्षारोपण कर की। इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा और विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिंह भी मौजूद रहे।
इस खेल वन में राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले करीब 1600 खिलाड़ी अपने नाम का एक पौधा लगाएंगे। इन पौधों की जियो-टैगिंग की जाएगी, जिससे हर खिलाड़ी अपने द्वारा लगाए गए वृक्ष की जानकारी भविष्य में भी देख सकेगा। यह पहल खेलों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
विशेष प्रमुख सचिव अमित सिंह ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम और सस्टेनेबल डेवलपमेंट की थीम पर आयोजित किया गया था, और उसी क्रम में खेल वन की स्थापना भी की गई है। इन पेड़ों को विश्व स्तर पर वर्ल्ड ट्री ऑर्गेनाइजेशन में रजिस्टर किया जाएगा ताकि एथलीट्स की यह विरासत हमेशा के लिए संरक्षित रह सके। इसके रखरखाव की जिम्मेदारी द ओसिस स्कूल को दी गई है, जो पौधों की देखभाल और सिंचाई सुनिश्चित करेगा।
वृक्षारोपण के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पहल को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इससे खेल और पर्यावरण दोनों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह नेचर टूरिज्म को भी प्रोत्साहित करेगा, जहां खिलाड़ी अपनी उपलब्धियों से जुड़ी यादें ताजा करने और परिवार को दिखाने के लिए दोबारा लौट सकते हैं। उन्होंने इस पहल में निजी स्कूलों और समाज की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है और सरकार के साथ-साथ आम लोगों और संस्थानों को भी इसमें योगदान देना चाहिए।