
उत्तराखंड में आगामी दो दिनों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग तथा कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में खासतौर पर 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में भी ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मसूरी में अधिकतम तापमान 11 डिग्री और न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नैनीताल में अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री रहा। मुक्तेश्वर, रानीखेत, कौसानी, मुनस्यारी, चोपता और गैरसैंण में भी तापमान में गिरावट देखी गई है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई है।
चारधाम क्षेत्रों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गंगोत्री में अधिकतम तापमान 5 डिग्री और न्यूनतम -5 डिग्री, यमुनोत्री में अधिकतम 2 डिग्री और न्यूनतम -5 डिग्री, केदारनाथ में अधिकतम 2 डिग्री और न्यूनतम -8 डिग्री, जबकि बदरीनाथ में अधिकतम 2 डिग्री और न्यूनतम -7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश और बर्फबारी के कारण सड़क मार्ग बाधित हो सकते हैं, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। खासकर चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरू
रत है।