
देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में कैबिनेट विस्तार को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के दिल्ली दौरे के बाद सियासी अटकलों को और हवा मिल रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि होली के बाद धामी कैबिनेट का विस्तार हो सकता है, जिसमें कुछ नए चेहरे शामिल हो सकते हैं और कुछ मौजूदा मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
धामी बोले – दिल्ली दौरा था ‘सामान्य’, लेकिन सियासत गरमाई
कैबिनेट विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों से कहा कि उनका दिल्ली दौरा पहले से तय था और इसमें कुछ भी नया नहीं था। उन्होंने कहा,
“मेरा दिल्ली दौरा पूरी तरह से सामान्य था। हो सकता है कि मीडिया को कुछ नया लगे, तो आप ही बता दीजिए।”
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी बीते दिनों कैबिनेट विस्तार पर बयान दिया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जा चुकी है और कैबिनेट विस्तार कभी भी हो सकता है।
“बहुत जल्द होगा कैबिनेट विस्तार” – महेंद्र भट्ट
महेंद्र भट्ट ने साफ कहा कि अब किसी भी तरह का संदेह नहीं है।
“मंत्रिमंडल विस्तार बहुत जल्दी होगा। इस पर निर्णय लेने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री की है और वह इस मुद्दे पर केंद्रीय नेताओं से चर्चा कर रहे हैं।”
महिला दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
इसी बीच, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश की मातृशक्ति को शुभकामनाएं दीं और महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि होली के बाद उत्तराखंड की राजनीति में कौन से नए चेहरे उभरते हैं और किन नेताओं की कुर्सी खतरे में पड़ सकती है।