
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम बदलाव के संकेत दे रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में आंशिक बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। लगातार तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे दिन में गर्मी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। रात के समय भी अब हल्की गर्माहट का अहसास होने लगा है।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का एक नया सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है, जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, इससे तापमान पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। देहरादून में भी कुछ स्थानों पर आंशिक बादल देखने को मिल सकते हैं, लेकिन तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा।
बीते 24 घंटों के दौरान देहरादून का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 18.5 और न्यूनतम 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान बताता है कि 13 से 14 मार्च के बीच मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर बर्फबारी भी हो सकती है। दूसरी ओर, मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा।
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए आम जनता और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर पर्वतीय इलाकों में यात्रा करने वालों को स्थानीय मौसम की जानकारी लेते रहना जरूरी होगा।