उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शिक्षा जगत को शर्मसार कर दिया है। पीसी बागला डिग्री कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर रजनीश पर गंभीर आरोप लगे हैं कि वह छात्राओं को अच्छे नंबर और सरकारी नौकरी का झांसा देकर उनका यौन शोषण करता था। इसके अलावा, वह उनकी अश्लील वीडियो और तस्वीरें बनाकर उन्हें ब्लैकमेल भी करता था।
यह मामला तब खुला जब प्रोफेसर रजनीश के आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो सामने आते ही पूरे शहर में हड़कंप मच गया। इसके बाद पीड़ित छात्राओं और समाजसेवियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि इस मामले की शिकायत राष्ट्रीय महिला आयोग और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंच चुकी है।
स्थानीय लोगों और छात्राओं का कहना है कि प्रोफेसर रजनीश पिछले 20 वर्षों से छात्राओं का शोषण कर रहा था। वह पहले उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में पास करवाने और सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देता, फिर अपने जाल में फंसाकर अश्लील हरकतें करता और वीडियो रिकॉर्ड कर लेता। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए वह छात्राओं को धमकाकर बार-बार उनका यौन शोषण करता था।
फिलहाल, प्रोफेसर रजनीश फरार है और पुलिस उसकी जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इंडस्ट्रीज एरिया पुलिस चौकी प्रभारी ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने के लिए कई इलाकों में छापेमारी कर रही है।
इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब देखना यह होगा कि आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आता है और उसे क्या सजा मिलती है।
