
देहरादून: उत्तराखंड को शिक्षा के क्षेत्र में केंद्र सरकार की ओर से 883 करोड़ रुपये का बजट मिला है। ये रकम राज्य में आधुनिक और व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए इस्तेमाल की जाएगी। खास बात यह है कि इस बजट से स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, प्रयोगशालाएं और व्यावसायिक शिक्षा की सुविधाएं स्कूलों में विकसित की जाएंगी।
ये बजट केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत किया है। केंद्रीय प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब इस बजट से प्रदेश के 307 स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाई जाएंगी। इसके अलावा, 165 स्कूलों में आईसीटी लैब स्थापित की जाएंगी और 102 स्कूलों में विज्ञान, गणित जैसे विषयों की प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। 244 स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा की शुरुआत भी इसी बजट से की जाएगी।
शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि समग्र शिक्षा परियोजना के तहत यह बजट स्वीकृत हुआ है। साथ ही पीएम श्री योजना के तहत भी 100 करोड़ रुपये अतिरिक्त स्वीकृत हुए हैं। राज्य सरकार का फोकस अब डिजिटल और व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत करने पर है। इसके तहत स्कूलों में नई लैब्स बनाई जाएंगी, स्मार्ट क्लासेस शुरू होंगी और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के खेलने के सामान और फर्नीचर की भी व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा, प्रदेश में 87 स्कूलों के नए भवन बनाए जाएंगे, 200 स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं तैयार होंगी और 265 शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। यानी इस बजट के जरिए राज्य के स्कूलों में जरूरी आधारभूत सुविधाएं भी बेहतर होंगी और बच्चों को आधुनिक शिक्षा का माहौल मिल सकेगा।