हल्द्वानी :शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नैनीताल जिले में दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान हल्द्वानी क्षेत्र में 18 ऐसे मदरसों की पहचान की गई, जो बिना किसी पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित हो रहे थे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम ने जानकारी दी कि इन सभी मदरसों को नियमों के तहत सील कर दिया गया है।
यह कार्रवाई राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार की गई है ताकि सभी शैक्षणिक संस्थान वैध और नियमों का पालन करने वाले हों। साथ ही बच्चों को सुरक्षित माहौल में बेहतर शिक्षा मिल सके।
बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी बाधित
अधिकारियों ने बताया कि इन बंद किए गए मदरसों में पढ़ रहे बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए उन्हें अब जिले के मान्यता प्राप्त पंजीकृत मदरसों में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों का दाखिला नजदीकी पंजीकृत मदरसे में करवाएं।
अगर किसी को सहायता या जानकारी की जरूरत हो, तो वे जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्री विश्वनाथ गौतम से मोबाइल नंबर 9837393583 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिले में चल रहे 10 पंजीकृत मदरसे
जिन मान्यता प्राप्त मदरसों में बच्चे दाखिला ले सकते हैं, उनमें शामिल हैं:
-
मदरसा तालीम उल इस्लाम, लाइन नंबर 18, आज़ाद नगर
-
मदरसा रहमते आलम अरबिया, इन्द्रानगर
-
मदरसा नैनीताल पब्लिक स्कूल, इन्द्रानगर
-
मदरसा जुगनु तालिम ऐ निस्वा, गौसिया मस्जिद
-
मदरसा अहले सुन्नत फैजान खतीबी, गंगानगर, काठगोदाम
-
मदरसा इशातुल हक, किदवई नगर
-
मदरसा फैजुल इस्लाम, लालकुआं
-
मदरसा जामिया सम्यिदा फातिमा जहरा, गौजाजाली
-
मदरसा रमजान ऑर्गनाइजेशन, टनकपुर रोड
-
मदरसा जामिया नूरिया बरकाते अभिना, शनि बाजार गेट
अधिकारियों ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे केवल पंजीकृत और मान्यता प्राप्त संस्थानों में ही बच्चों को भेजें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
