
भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालातों ने एक बार फिर सरहद पर तनाव बढ़ा दिया है। इसका सीधा असर देश के वायदा बाजार पर देखने को मिला है। मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
सोने की कीमतों की शुरुआत ₹96,900 प्रति दस ग्राम पर हुई। जबकि पिछले कारोबारी दिन इसका बंद भाव ₹97,491 था। सुबह करीब 9 बजकर 5 मिनट पर यह और नीचे फिसलकर ₹96,650 प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यानि इसमें ₹841 यानी 0.86% की गिरावट देखी गई।
ध्यान देने वाली बात यह है कि पिछले सत्र में सोने ने तीन फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज की थी। लेकिन मौजूदा तनाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अगली मौद्रिक नीति की घोषणा से पहले बाजार में सतर्कता का माहौल है।
चांदी की कीमतें भी दबाव में रहीं। शुरुआती कारोबार में यह ₹96,450 प्रति किलोग्राम पर आ गई। इसमें ₹251 यानी 0.26% की गिरावट देखी गई।
इस गिरावट के पीछे भारत द्वारा पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के ठिकानों पर किए गए सटीक हमले को प्रमुख वजह माना जा रहा है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पीओके में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इससे दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर गहरा गया है।
इस घटनाक्रम का असर रुपये पर भी पड़ा। बुधवार सुबह शुरुआती कारोबार में रुपया 31 पैसे टूटकर 84.66 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया पहले 84.65 पर खुला और फिर 84.66 पर आ गया। मंगलवार को यह 84.35 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
बाजार अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले और सीमा पार हालात पर नजर बनाए हुए है। आने वाले दिनों में इन दोनों कारकों का असर सोने-चांदी और रुपये की दिशा तय करेगा।