
उत्तराखंड जनता टाइम्स |
अल्मोड़ा,राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को अल्मोड़ा के प्रसिद्ध कसार देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और समस्त मानव कल्याण की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में ध्यान भी लगाया और इस शांत व दिव्य वातावरण की सराहना की।
राज्यपाल ने कहा कि वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें दोबारा कसार देवी मंदिर आने का अवसर मिला। उन्होंने कहा, यह स्थान अत्यंत दिव्य और अलौकिक ऊर्जा से परिपूर्ण है। यहां की शांति आत्मा को सुकून देती है। यही कारण है कि स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुष भी यहां ध्यान लगाने आए थे।
उन्होंने देश-विदेश के पर्यटकों से अपील की कि वे अल्मोड़ा ज़रूर आएं और कसार देवी सहित जागेश्वर धाम, गोलू मंदिर व कटारमल मंदिर जैसे अन्य आध्यात्मिक स्थलों की दिव्यता का अनुभव करें।
इसके बाद राज्यपाल काकड़ीघाट पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक ज्ञानवृक्ष (पीपल) पर जलाभिषेक कर पूजा की। तत्पश्चात, उन्होंने कर्कटेश्वर मंदिर में भी दर्शन किए। राज्यपाल ने कहा कि काकड़ीघाट आत्मिक ऊर्जा से भरा हुआ स्थान है और यहां आकर विवेकानंद जी के विचारों से जुड़ाव महसूस होता है।
उन्होंने इस बात पर भी प्रसन्नता जताई कि जिस ज्ञानवृक्ष के नीचे स्वामी विवेकानंद ने ध्यान लगाया था, उसे वैज्ञानिक विधियों से संरक्षित किया गया है।
इस दौरान राज्यपाल के साथ जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी और उपजिलाधिकारी संजय कुमार समेत कई अधिकारी व मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।