
भीमताल (नैनीताल): कुमाऊं मंडल में बेसहारा पशुओं की बढ़ती समस्या को लेकर राष्ट्रीय शिव शक्ति सेना (आरएसएसएस) ने अब मुखर रुख अख्तियार कर लिया है। संगठन के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष पूरन चंद्र ब्रजवासी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर मंडल के सभी नगरों व ब्लॉकों में स्थायी गौशालाओं के निर्माण की मांग की है।
ब्रजवासी ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि क्षेत्र में बेसहारा गायों, बछड़ों और बैलों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे खेती, व्यापार, पर्यटन और यातायात सभी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर वर्ष 2016-17 से आवाज उठाई जा रही है, लेकिन कई दौर के निरीक्षण और प्रशासनिक निर्देशों के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
उन्होंने सुझाव दिया कि भीमताल नगर, रामगढ़, धारी, ओखलकांडा सहित कुमाऊं मंडल के प्रत्येक नगर और ब्लॉक में उपलब्ध ‘नजूल भूमि’ पर गौशालाएं स्थापित की जाएं। यह कदम न केवल पशुओं को सुरक्षित आश्रय देगा, बल्कि स्थानीय लोगों की परेशानियों को भी कम करेगा।
“गौशालाओं का निर्माण न केवल हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्रीय विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है,” पूरन चंद्र ब्रजवासी ने पत्र में लिखा।
इस मांग को लेकर क्षेत्रीय स्तर पर भी समर्थन मिलने लगा है। स्थानीय सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने इसे एक सकारात्मक और ऐतिहासिक पहल बताया है।
आरएसएसएस कुमाऊं मंडल की इस मांग के समर्थन में मंडल उपाध्यक्ष मुकुल नौटियाल, महामंत्री जगमोहन उप्रेती, संगठन मंत्री विनोद कुमार पंत, अधिवक्ता प्रकोष्ठ मंडल अध्यक्ष पुनीत कुमार शर्मा और धर्माचार्य प्रकोष्ठ नगर अध्यक्ष हरीश चंद्र भगत आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं।
स्थानीय लोगों को अब मुख्यमंत्री के निर्णय का बेसब्री से इंतजार है। संगठन ने विश्वास जताया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता के चलते इस दिशा में जल्द ही ठोस कदम उठाया जाएगा।