
उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार शनिवार शाम को थम गया था, जिसके बाद आज यानी 28 जुलाई को राज्य के 40 विकासखंडों में मतदान जारी है। सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। पूरे प्रदेश में मतदान को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही लोग बड़ी संख्या में अपने-अपने मतदान केंद्रों की ओर बढ़ते नजर आए, जिनमें महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी साफ दिख रही है।
दूसरे चरण में सदस्य ग्राम पंचायत के 933 पदों के लिए 1998 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रधान ग्राम पंचायत के 2726 पदों पर 7833 प्रत्याशी, सदस्य क्षेत्र पंचायत के 1225 पदों पर 4214 प्रत्याशी और सदस्य जिला पंचायत के 14 पदों पर 716 उम्मीदवार किस्मत आज़मा रहे हैं। कुल मिलाकर दूसरे चरण में 14,761 प्रत्याशी मैदान में हैं और करीब 21 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
शाम 4 बजे तक के मतदान आंकड़े दर्शाते हैं कि चमोली जिले में अब तक 56.66 प्रतिशत और टिहरी गढ़वाल में 54.51 प्रतिशत मतदान हो चुका है। यह आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि राज्य के ग्रामीण इलाकों में पंचायत चुनाव को लेकर लोगों में खासा उत्साह है।
वहीं नैनीताल जिले की बात करें तो हल्द्वानी, भीमताल, रामनगर और कोटाबाग विकासखंडों में मतदान शांतिपूर्वक और निष्पक्ष तरीके से जारी है। इन चारों विकासखंडों में कुल 522 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां मतदान प्रक्रिया पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल रही है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने मिलकर चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है।
मतदान की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जिले में 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 13 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जो हर स्तर पर निगरानी रखे हुए हैं। प्रशासन की तत्परता और लोगों की भागीदारी से यह साफ है कि राज्य में लोकतंत्र की जड़ें और भी मजबूत हो रही हैं।