
चमोली: चमोली जिले के गैरसैंण ब्लॉक के आदर्श गांव सारकोट को 21 वर्षीय प्रियंका नेगी के रूप में नई ग्राम प्रधान मिल गई हैं। ग्राम पंचायत चुनाव में उन्होंने शानदार जीत दर्ज की और अब वह गांव की सबसे युवा प्रधान बन गई हैं। उनकी इस जीत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं उन्हें फोन कर बधाई दी और गांव के समग्र विकास में सहयोग का आश्वासन दिया।
सीएम धामी ने कहा कि सारकोट को मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है, और अब नई प्रधान के साथ मिलकर गांव की तरक्की को नई दिशा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रियंका को देहरादून आमंत्रित भी किया है और कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और गांव की महिलाओं को सशक्त बनाने में वो अग्रसर रहें।
प्रियंका नेगी ने अपनी प्रतिद्वंदी प्रियंका देवी को हराकर 421 मत प्राप्त किए, जबकि प्रतिद्वंदी को 235 वोट मिले। दिलचस्प बात यह है कि प्रियंका के पिता राजे सिंह नेगी भी 2014 से 2019 तक इसी गांव के प्रधान रह चुके हैं। प्रियंका ने हाल ही में गैरसैंण महाविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है, और उनका परिणाम भी कुछ दिन पहले ही आया है।
सारकोट गांव को मुख्यमंत्री ने भराड़ीसैंण में आदर्श गांव घोषित किया था, क्योंकि यहां आज भी पलायन नहीं हुआ है और 300 से अधिक परिवार गांव में ही रहकर जीवनयापन कर रहे हैं। गांव में लगातार विकास कार्य चल रहे हैं, और अब नई प्रधान प्रियंका नेगी इन कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेकर काम करेंगी।
प्रियंका ने कहा कि महिलाओं को जागरूक करना और आत्मनिर्भर बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। वहीं, उनके पिता ने भरोसा जताया कि वे बेटी के साथ मिलकर गांव को हर क्षेत्र में आगे ले जाएंगे।