देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार शाम दिल्ली से लौटने के बाद सीधे स्टेट डिजास्टर कंट्रोल रूम पहुंचे और प्रदेश में हाल की आपदाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थराली (चमोली) आपदा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए और राहत कार्यों का जायज़ा लिया।
सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि आपदा में जिनके मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें तत्काल 5 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को भी 5 लाख रुपए का मुआवजा जारी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों को न सिर्फ राहत सामग्री तुरंत उपलब्ध कराई जाए, बल्कि उनके पुनर्वास की ठोस और त्वरित व्यवस्था भी की जाए।
धामी ने जिलाधिकारी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं को तत्काल बहाल किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राहत सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए और राशन समेत सभी जरूरी सामान समय पर हर प्रभावित तक पहुंचे।
सीएम ने चमोली के जिलाधिकारी की मौके पर तुरंत पहुंचने और राहत कार्यों के प्रभावी प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भी इसी तरह तत्परता और समन्वय के साथ राहत व बचाव कार्य किए जाने चाहिए।
एसडीआरएफ-एनडीआरएफ को धन्यवाद
थराली आपदा में राहत और बचाव कार्यों में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की अहम भूमिका की मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की और कहा कि उनकी त्वरित कार्रवाई ने कई प्रभावितों को मदद पहुंचाई।
ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए तैयारी के निर्देश
राज्य में अगले दो दिन के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसको देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को पूरी तैयारी रखने, आपदा प्रबंधन सामग्री और उपकरणों को संवेदनशील स्थानों पर रखने के निर्देश दिए।
