नैनीताल: बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम की बढ़ती लोकप्रियता और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को देखते हुए अब उन भक्तों के लिए बड़ी राहत भरी पहल शुरू होने जा रही है, जो किसी कारणवश धाम तक नहीं पहुंच पाते। भारतीय डाक विभाग ने कैंची धाम को अपनी विशेष ‘प्रसादम योजना’ में शामिल करने की तैयारी कर दी है।
इस योजना के अंतर्गत कैंची धाम का पवित्र प्रसाद (लड्डू) देशभर के भक्तों के घर-घर तक भेजा जाएगा। इसके लिए डाक विभाग अपनी स्पीड पोस्ट और पार्सल सेवा का उपयोग करेगा। प्रसाद की पैकिंग के लिए पर्यटन विभाग से धाम प्रबंधन को एक कक्ष उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि इसे स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से तैयार कर भक्तों तक पहुंचाया जा सके।
योजना में केवल प्रसाद ही नहीं, बल्कि बाबा नीम करौली महाराज से जुड़ी अन्य वस्तुएं—जैसे कंबल और लॉकेट—भी शामिल होंगी। कहा जाता है कि बाबा को कंबल विशेष रूप से प्रिय थे, इसलिए यह पहल श्रद्धालुओं के लिए और भी खास होगी।
गौरतलब है कि कैंची धाम में रोज़ाना हजारों की संख्या में भक्त दर्शन के लिए आते हैं, वहीं हर वर्ष 15 जून को स्थापना दिवस पर लाखों श्रद्धालु यहां जुटते हैं। ऐसे में यह योजना उन भक्तों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगी, जो व्यक्तिगत रूप से धाम तक नहीं आ पाते लेकिन घर बैठे ही बाबा का आशीर्वाद पाना चाहते हैं। धाम प्रबंधन और डाक विभाग का मानना है कि यह कदम न केवल आस्था को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा, बल्कि नैनीताल के धार्मिक पर्यटन को भी और मजबूत बनाएगा।
