नैनीताल: मल्लीताल क्षेत्र के मोहनको चौक पर मंगलवार रात लगभग 10:04 बजे एक पुराने लकड़ी के मकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी।
सूचना मिलते ही जिला आपदा परिचालन केंद्र नैनीताल ने फायर सर्विस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल संस्थान और स्वास्थ्य विभाग समेत सभी राहत व बचाव एजेंसियों को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। लकड़ी की संरचना होने के कारण लपटें तेजी से फैल गईं, जिससे रेस्क्यू कार्य और भी चुनौतीपूर्ण हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल, एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा, एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, ADM शैलेंद्र सिंह नेगी, SDM नवाजिश खालिक और कोतवाल हेम चंद्र पंत सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का नेतृत्व किया।
हल्द्वानी, रामनगर, भवाली, भीमताल, रुद्रपुर, अल्मोड़ा, रानीखेत और सितारगंज से अतिरिक्त फायर टेंडर और जल टैंकर बुलाए गए। आर्मी और एयरफोर्स के अग्निशमन वाहन भी राहत कार्य में शामिल हुए।
स्थानीय नागरिकों, सिविल पुलिस, राजस्व टीम, SDRF और NDRF के संयुक्त प्रयास से रात करीब 12:00 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रशासन ने राहत की सांस लेते हुए बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, हालांकि नुकसान का आंकलन अभी किया जा रहा है।
घटना स्थल पर स्थानीय विधायक सरिता आर्य भी मौजूद रहीं। प्रशासन की तत्परता और समन्वित प्रयासों से एक बड़ी त्रासदी टल गई।
